75 फीट से अधिक ऊंचे पंडाल को अंतिम रूप देने में जुटे कोलकाता के कारीगर, दूर-दूर से दर्शन के लिए पहुंच ते है श्रद्धालु
खरसिया :- नवरात्रि पर्व को लेकर खरसिया में तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। अग्रवाल दुर्गा उत्सव समिति द्वारा इस वर्ष भी मां जगदंबे की भव्य प्रतिमा के साथ आकर्षक एवं अनूठे थीम पर विशाल दुर्गा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। इस बार पंडाल को स्वर्ग और नरक की थीम पर सजाया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहने वाला है।
लगभग 75 फीट से अधिक ऊंचाई वाले इस भव्य पंडाल को सफेद रंग में तैयार किया जा रहा है। पंडाल में एक ओर स्वर्ग की मनमोहक झलक दिखाई देगी, जहां अंतिम रूप दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नरक के रक्षक राक्षसों की डरावनी आकृतियां श्रद्धालुओं का ध्यान खींचेंगी। पंडाल की खासियत यह होगी कि जहां नरक का दृश्य भयावह नजर आएगा, वहीं उसकी कलात्मक सजावट दर्शकों को आकर्षित भी करेगी।
हर वर्ष कुछ नया करने की परंपरा
अग्रवाल दुर्गा उत्सव समिति द्वारा खरसिया में हर वर्ष अलग और भव्य थीम पर दुर्गा पंडाल का निर्माण कराया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी समिति ने श्रद्धालुओं के लिए कुछ नया और भव्य प्रस्तुत करने की तैयारी की है। पंडाल निर्माण का कार्य अब अंतिम चरण में है और कारीगर इसे अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
पंडाल निर्माण के लिए कोलकाता से विशेष रूप से आए कारीगर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। उनकी कलाकारी और बारीक सजावट के चलते पंडाल को आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। समिति का दावा है कि तैयार होने के बाद यह पंडाल खरसिया ही नहीं, बल्कि पूरे रायगढ़ जिले में आकर्षण का केंद्र बनेगा।
दूर-दूर से पहुंचते हैं श्रद्धालु
अग्रवाल दुर्गा उत्सव समिति के भव्य पंडाल को देखने के लिए हर वर्ष खरसिया नगर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और रायगढ़ जिले से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालु मां जगदंबे के दर्शन के साथ पंडाल की भव्य सजावट का आनंद लेते हैं और माता से सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करते हैं।
इस वर्ष स्वर्ग-नरक की अनूठी थीम लोगों में विशेष उत्सुकता पैदा कर रही है। पंडाल के पूरी तरह तैयार होने के बाद नवरात्रि के दौरान यहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है।

