पोषण, स्वास्थ्य और मातृ-शिशु देखभाल पर हुई विस्तृत चर्चा, आंगनबाड़ी सेवाओं का लाभ लेने ग्रामीणों से की गई अपील
खरसिया :- 6 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र में आंगनबाड़ी मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। समारोह का उद्देश्य ग्रामीणों को आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से संचालित सेवाओं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना और मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित पोषण, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा समय पर आवश्यक सेवाओं का लाभ लेना बेहद महत्वपूर्ण है।
समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण कड़ी हैं। आंगनबाड़ी के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों को कई महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाली सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और पोषण पर विशेष ध्यान दें।

बच्चों और महिलाओं से जुड़ी गतिविधियां आयोजित
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं महिलाओं से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के विकास, पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने केंद्र में संचालित सेवाओं, योजनाओं एवं आगामी गतिविधियों के संबंध में भी उपस्थित ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी दी।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच शिवकुमारी सिदार, उपसरपंच रामप्रसाद सिदार, जनपद सदस्य बालेश्वरी राठिया, भूतपूर्व सरपंच सवारीन बाई, पंच उर्मिला, सेक्टर सुपरवाइजर सरस्वती टंडन, कार्यकर्ता सुमिता सिदार, शांति बाई, कृष्णा बाई एवं हेमलता साहू तथा सहायिका खीखबाई, कुंनकुवर, पुनिता यादव एवं यमन राठिया उपस्थित रहे।
इसके अलावा तिऊर से टिकेश्वरी गबेल एवं ढिमानी से नालिनी श्रीवास सहित शिक्षकगण एवं अन्य ग्रामीण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। उपस्थित अतिथियों ने आंगनबाड़ी केंद्र की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को बेहतर बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
योजनाओं की जानकारी पहुंचाना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य
आंगनबाड़ी मिलन समारोह के माध्यम से ग्रामीणों तक शासन की योजनाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि पात्र हितग्राही समय पर योजनाओं का लाभ लें और बच्चों तथा माताओं के स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें।
समारोह के अंत में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अतिथियों, ग्रामीणों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम ने ग्रामीणों को आंगनबाड़ी सेवाओं से जोड़ने और मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

