रेलवे फाटक पर जाम, प्लेटफॉर्म पर शेड की कमी और लिफ्ट/एस्केलेटर की मांग; यात्रियों की सुविधाओं के लिए शीघ्र निराकरण की मांग
खरसिया :- खरसिया नगर के रेलवे स्टेशन एवं रेलवे फाटक से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी खरसिया नगर के मध्यम मंडल से जुड़े विजय शर्मा एवं खरसिया जनपद पंचायत उपाध्यक्ष डॉ. हितेश गवेल ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश को पत्र प्रेषित कर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है। उन्होंने पत्र में कहा है कि खरसिया रेलवे स्टेशन शहर के मध्य स्थित होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में नगरवासियों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में स्टेशन एवं रेलवे फाटक से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं में सुधार आवश्यक है।

रेलवे फाटक बंद रहने से दोनों ओर लगता है जाम
विजय शर्मा ने अपने पत्र में खरसिया रेलवे फाटक की समस्या को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन शहर के बीचों-बीच स्थित है। नगर के उत्तर दिशा में विभिन्न शासकीय कार्यालय हैं, जबकि दक्षिण दिशा में अस्पताल, पुलिस चौकी, स्कूल-कॉलेज तथा मुख्य बाजार स्थित हैं। इसके कारण दोनों दिशाओं के बीच प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है।

पत्र में आरोप लगाया गया है कि रेलवे फाटक अधिकांश समय बंद रहने के कारण लोगों को काफी परेशानी होती है। उनके अनुसार, कई बार एक मालगाड़ी के गुजरने के बाद भी फाटक तत्काल नहीं खोला जाता और दूसरी मालगाड़ी के आने का इंतजार किया जाता है। इससे फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और लोगों को काफी समय तक जाम में फंसे रहना पड़ता है।
विजय शर्मा,डॉ. हितेश गवेल ने रेलवे प्रशासन से फाटक के संचालन की व्यवस्था की समीक्षा करने तथा मालगाड़ी के गुजरने के बाद यातायात की स्थिति को ध्यान में रखते हुए फाटक खोलने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों के लिए लिफ्ट या एस्केलेटर की मांग
पत्र में खरसिया रेलवे स्टेशन पर निर्मित सीढ़ियों की व्यवस्था का भी उल्लेख किया गया है। विजय शर्मा, डॉ. हितेश गवेल के अनुसार, सीढ़ियों का चढ़ाव अधिक होने के कारण बुजुर्ग, दिव्यांग, बीमार एवं अशक्त यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट अथवा एस्केलेटर लगाए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे विशेष रूप से बुजुर्ग, दिव्यांग और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी वाले यात्रियों को राहत मिलेगी तथा स्टेशन की यात्री सुविधाओं में भी सुधार होगा।
प्लेटफॉर्म का विस्तार हुआ, लेकिन शेड की कमी बरकरार
विजय शर्मा, डॉ. हितेश गवेल ने खरसिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त शेड नहीं होने की समस्या भी उठाई है। पत्र के अनुसार, स्टेशन के प्लेटफॉर्म का विस्तार किया गया है, लेकिन विस्तारित हिस्से में पर्याप्त नए शेड का निर्माण नहीं किया गया है।
इसके चलते बारिश के मौसम में यात्रियों को पानी से बचने के लिए परेशानी होती है, वहीं गर्मी के दिनों में यात्रियों को तेज धूप में खड़ा रहना पड़ता है। उन्होंने प्लेटफॉर्म के विस्तारित हिस्से में पर्याप्त शेड निर्माण कराने की मांग की है, ताकि यात्रियों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से राहत मिल सके।
यात्री सुविधाओं में सुधार की मांग
विजय शर्मा, डॉ. हितेश गवेल ने महाप्रबंधक से आग्रह किया है कि खरसिया रेलवे स्टेशन से संबंधित इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान लेकर शीघ्र निराकरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि खरसिया रेलवे स्टेशन का उपयोग नगर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी बड़ी संख्या में करते हैं। ऐसे में रेलवे फाटक, आवागमन, प्लेटफॉर्म शेड तथा बुजुर्ग एवं दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाओं में सुधार जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
उन्होंने रेलवे प्रशासन से समस्याओं का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

