रायगढ़ :- 21 सितंबर 2026। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत व्यापक कार्रवाई करते हुए गांजा और अवैध शराब के कई मामलों का पर्दाफाश किया है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए करीब 845 ग्राम गांजा और 58.32 लीटर अवैध शराब जब्त की। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

जगतपुर में गांजा बेचने की तैयारी कर रही महिला गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी के नेतृत्व में जिंदल रोड, जगतपुर में गांजा बिक्री की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोमती यादव नाम की महिला अपने घर के सामने झोले में गांजा रखकर ग्राहकों को बेचने की फिराक में है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर महिला ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी लेने पर पीले रंग के झोले में रखे सफेद प्लास्टिक पैकेट से 845 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की कीमत करीब ₹42,250 है। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त ₹230 नकद भी बरामद किया गया। आरोपी महिला के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई में आरक्षक दिलसिंह कंवर, आरक्षक कीर्ति सिंह राजपूत और महिला आरक्षक परसिना टोप्पो शामिल रहे।
CG-13 द फेमस ढाबा में रेड, शराब और बिक्री की रकम जब्त

जूटमिल पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास स्थित CG-13 द फेमस ढाबा में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर दबिश दी। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ढाबे के काउंटर के पास दो प्लास्टिक बोरियों में रखी विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद की।
पुलिस के मुताबिक मौके से सुपर देशी प्लेन मदिरा के 20 नग, शेरा देशी प्लेन मदिरा के 6 नग, जम्मु स्पेशल व्हिस्की के 12 नग, 1848 माल्ट व्हिस्की के 11 नग और सेवन हिल्स बीयर के 11 नग बरामद किए गए। जब्त शराब की कुल मात्रा 14.320 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत करीब ₹6,600 है।
इसके अलावा काउंटर से शराब बिक्री की ₹13,910 नकद रकम भी जब्त की गई। पुलिस ने मौके की जब्ती कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई। मामले में आरोपी रिशु कुमार सिंह (25 वर्ष) के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
तमनार के कोलम में दो ठिकानों पर कार्रवाई, 20 लीटर महुआ शराब जब्त
तमनार पुलिस ने ग्राम कोलम के भगवती नगर में अवैध महुआ शराब के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव द्वारा सक्रिय किए गए मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर दबिश दी।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने जगन्नाथ मांझी (21 वर्ष) के कब्जे से 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की। वहीं दूसरी कार्रवाई में धरा राम मांझी (30 वर्ष) के मकान-बाड़ी से दो 5-5 लीटर के जरीकेन में रखी कुल 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक युगल किशोर यादव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
केवड़ाबाड़ी के मीना होटल में शराब बिक्री का खुलासा
कोतवाली पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रिया साहू के नेतृत्व में 20 सितंबर को केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड के पीछे स्थित मीना होटल में दबिश दी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल के काउंटर के पास शराब रखकर बिक्री की जा रही है। तलाशी के दौरान एक सफेद प्लास्टिक थैले से 7 पाव अंग्रेजी गोवा व्हिस्की और 22 पाव देशी प्लेन मदिरा, कुल 29 पाव शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब ₹2,600 बताई गई है।
मामले में होटल संचालक मीना काक (42 वर्ष), निवासी रामभांठा रायगढ़ के खिलाफ धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
लैलूंगा में दो स्थानों से 19 लीटर महुआ शराब जब्त
लैलूंगा पुलिस ने भी मुखबिर की सूचना पर ग्राम खेड़आमा और पोतरा अटल चौक में दो अलग-अलग कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने गोरखनाथ चौहान (45 वर्ष) के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब ₹900 बताई गई, जब्त की। दूसरी कार्रवाई में करमू एक्का (62 वर्ष) के कब्जे से बिक्री के लिए रखी 10 लीटर महुआ शराब, कीमत करीब ₹1,000, बरामद की गई।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने जब्ती की वीडियोग्राफी कर ई-साक्ष्य भी तैयार किया।
पुसौर में शराब परिवहन करते आरोपी गिरफ्तार
पुसौर पुलिस ने 21 सितंबर को सराईपाली रोड पर मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिक्री के लिए महुआ शराब लेकर जा रहे पुरन चौहान (29 वर्ष), निवासी लेबड़ा, थाना भूपदेवपुर को पकड़ा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब बरामद की। गवाहों के समक्ष शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
जिलेभर में जारी रहेगा नशे के खिलाफ अभियान
रायगढ़ पुलिस के अनुसार जिले में गांजा, अवैध शराब सहित अन्य मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। “ऑपरेशन आघात” के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर अवैध नशे के कारोबार पर नजर रखी जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। गांजा, अवैध शराब एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन और भंडारण करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और जिले को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा।

