सिर को बनाया निशाना, युवक नीचे बैठा तो बची जान; बाइक छोड़कर आरोपी फरार, रायगढ़ पुलिस की टीमें दे रही दबिश
रायगढ़ :- 30 अगस्त 2026। कोतरारोड थाना क्षेत्र में सड़क पर पानी के छींटे पड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते गंभीर हो गया। विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने पिस्टलनुमा हथियार निकालकर युवक को निशाना बनाते हुए दो बार फायर कर दिया। गनीमत रही कि युवक समय रहते नीचे बैठ गया, जिससे वह गोली की चपेट में आने से बच गया। घटना के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टलनुमा हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर जांच शुरू की। हालांकि प्रारंभिक तौर पर हथियार पिस्टल जैसा दिखाई दे रहा था, लेकिन आर्म्स एक्सपर्ट की जांच में उसके एयरगन पिस्टल होने की पुष्टि हुई है। इसके बावजूद पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
रिलायंस मार्ट के सामने पानी के छींटे पड़ने से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, रामबाग कोतरारोड निवासी खुशहाल अग्रवाल (26 वर्ष), पिता अरुण अग्रवाल, कोतरारोड के पास पोहेवाला कैफे संचालित करते हैं। 29 अगस्त की रात करीब 8:45 बजे वे घर से पैदल कोल्ड ड्रिंक लेने के लिए निकले थे।
इसी दौरान रिलायंस मार्ट के सामने मुख्य मार्ग से मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BC 6711 से गुजर रहे व्यक्ति की बाइक से सड़क का पानी खुशहाल के ऊपर पड़ गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि इसके बाद मोटरसाइकिल चालक वापस आया और खुशहाल के साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। मामला बढ़ने पर आरोपी ने हाथापाई की और अपने पास रखे पिस्टलनुमा हथियार से खुशहाल के सिर को निशाना बनाकर दो बार फायर किया।
नीचे बैठकर बचाई जान, लोगों के पहुंचते ही बाइक छोड़कर भागा आरोपी
फायरिंग के दौरान खुशहाल ने तत्काल नीचे बैठकर खुद को बचाया। इससे वह सीधे फायर की चपेट में आने से बच गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी घबरा गया और अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।
जांच में पिस्टल नहीं, एयरगन पिस्टल निकला हथियार
घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार को पुलिस ने कब्जे में लेकर आर्म्स एक्सपर्ट से परीक्षण कराया। जांच में यह एयरगन पिस्टल पाया गया। इस प्रकार के हथियार में सामान्य गोली की जगह छर्रे का इस्तेमाल होता है।
पुलिस के मुताबिक बाजार में इस तरह की एयरगन/एयर पिस्टल पक्षियों आदि को मारने के लिए उपलब्ध होती हैं और सामान्य उपयोग के लिए इन पर लाइसेंस की आवश्यकता नहीं होती। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति को डराने-धमकाने, भय पैदा करने, मारपीट करने या किसी आपराधिक घटना में एयरगन का इस्तेमाल किए जाने पर कानूनी कार्रवाई से छूट नहीं मिलती।
बाइक के दस्तावेजों और पूछताछ से हुई आरोपी की पहचान
घटना के बाद पुलिस ने मौके से मिली मोटरसाइकिल के दस्तावेजों, घटनास्थल पर मौजूद लोगों और गवाहों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान हर्षवरन सिंह गोतरा, पिता सुरेन्द्र मोहन सिंह, उम्र 44 वर्ष, निवासी जालंधर, पंजाब, वर्तमान पता ग्राम तेंदूडिपा, कलमी, रायगढ़ के रूप में हुई है।
घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
एसएसपी ने कहा—एयरगन का आपराधिक इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं
रायगढ़ एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी हथियार का सामान्य उपयोग भले ही लाइसेंस के दायरे में न आता हो, लेकिन उसका इस्तेमाल यदि किसी व्यक्ति को डराने-धमकाने, भय उत्पन्न करने, मारपीट या किसी आपराधिक कृत्य के लिए किया जाता है तो पुलिस संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई करेगी।
फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता फरार आरोपी को गिरफ्तार करना है। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना के संबंध में पूछताछ और अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।

