एक ही परिसर में राजस्व, न्यायालय, निर्वाचन और नागरिक सेवाएं होंगी उपलब्ध — खरसिया के विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए की अतिरिक्त स्वीकृति की घोषणा
खरसिया :- 27 अगस्त 2026। खरसिया क्षेत्र के नागरिकों को प्रशासनिक सुविधाओं की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने खरसिया में नवनिर्मित संयुक्त तहसील भवन का विधिवत लोकार्पण किया। करीब 2 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से निर्मित यह दो मंजिला भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। नए भवन में तहसील प्रशासन से संबंधित विभिन्न कार्यालयों, न्यायालयीन कार्यों और नागरिक सेवाओं को एक ही परिसर में समाहित किया गया है।

इससे खरसिया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से राजस्व, प्रशासनिक, न्यायालयीन, निर्वाचन, पंजीयन एवं अन्य सरकारी कार्यों के लिए आने वाले नागरिकों को बेहतर, सुविधाजनक और व्यवस्थित सेवाएं मिल सकेंगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष दीप प्रज्वलन, वंदे मातरम् और राजगीत के साथ हुआ। वित्त मंत्री चौधरी ने परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अशोक का पौधा भी रोपा। इस दौरान कर्मा दलों द्वारा वित्त मंत्री का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया।

एक ही परिसर में मिलेंगी कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक सेवाएं
नवनिर्मित संयुक्त तहसील भवन में नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों एवं शाखाओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। भवन में एसडीएम एवं तहसीलदार न्यायालय व कार्यालय, नायब तहसीलदार कक्ष, कानूनगो शाखा, भू-अर्जन शाखा, निर्वाचन शाखा, भुइयां शाखा, अभिलेखागार और केंद्रीय रिकॉर्ड रूम की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा सेवा सेतु/लोक सेवा केंद्र, ट्रेजरी कार्यालय, सब-रजिस्ट्रार कार्यालय, खाद्य निरीक्षक कक्ष और आपदा प्रबंधन कक्ष भी भवन में संचालित होंगे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आवश्यक कार्यालयीन व्यवस्थाओं के साथ मीटिंग हॉल, निर्वाचन स्ट्रांग रूम, ट्रेजरी स्ट्रांग रूम और अधिवक्ताओं के लिए पृथक कक्ष की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

दिव्यांगजनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए भवन में रैम्प की व्यवस्था की गई है। साथ ही महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक प्रसाधन की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे नागरिकों के साथ-साथ अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा।
जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे ने बताया कि नए तहसील भवन के निर्माण से खरसिया क्षेत्र के हजारों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं पत्रकारों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।

विकास केवल घोषणा नहीं, जनता के जीवन में बदलाव लाने वाला होना चाहिए : ओ.पी. चौधरी
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि ऐसे विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है, जिनसे आम जनता के जीवन में वास्तविक बदलाव आए। उन्होंने कहा कि खरसिया क्षेत्र में विकास कार्यों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।
वित्त मंत्री ने खरसिया क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि की व्यवस्था/स्वीकृति कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर प्राथमिकता वाले विकास कार्य तय किए जाएंगे, ताकि उपलब्ध राशि का उपयोग जनता की जरूरतों के अनुरूप किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ ऐसे विकास कार्यों को पूरा करना है, जिनका सीधा लाभ नागरिकों को मिले।
67 करोड़ के आरओबी को जल्द पूरा करना प्राथमिकता
वित्त मंत्री चौधरी ने खरसिया के निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि लगभग 67 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे इस आरओबी का निर्माण पूर्ण कराकर जनता को इसके उपयोग की सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर जनहित में काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी को मिलकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

वित्त मंत्री ने खरसिया नगरपालिका द्वारा किए जा रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, यूथ कॉम्प्लेक्स सहित अन्य विकास कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कुसमुरा में कॉलेज भवन के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराकर उसका लोकार्पण कराने की बात भी कही।
सांसद राधेश्याम राठिया बोले—नए भवन से लोगों को मिलेगी बेहतर सुविधा
रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने नए संयुक्त तहसील भवन के लिए वित्त मंत्री एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खरसिया जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में आम जनता के लिए आधुनिक एवं व्यवस्थित तहसील कार्यालय उपलब्ध होना बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि नए भवन में विभिन्न प्रशासनिक एवं राजस्व सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होने से नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। इससे प्रशासनिक एवं राजस्व संबंधी कार्य अधिक सुगमता से होंगे और लोगों को बेहतर न्याय एवं सेवाएं प्राप्त होंगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष और नगर पालिका अध्यक्ष ने भी जताया आभार
जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रवीन्द्र गबेल ने नए तहसील भवन के लोकार्पण पर क्षेत्र की जनता की ओर से वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया।

वहीं नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने इसे खरसिया के लिए उत्सव का दिन बताया। उन्होंने कहा कि नए भवन के शुरू होने से पिछले वर्षों से चली आ रही प्रशासनिक कार्यालयों से जुड़ी असुविधाएं काफी हद तक दूर होंगी। उन्होंने खरसिया में आरओबी, नालंदा परिसर, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और यूथ कॉम्प्लेक्स सहित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।
अधिवक्ता संघ ने किया वित्त मंत्री का स्वागत
कार्यक्रम के दौरान खरसिया अधिवक्ता संघ द्वारा भी वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी का स्वागत किया गया। अधिवक्ता संघ ने कहा कि आधुनिक और सुव्यवस्थित तहसील भवन बनने से अधिवक्ताओं के साथ-साथ राजस्व एवं न्यायालयीन कार्यों के लिए आने वाले आम नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।संघ ने नए भवन के निर्माण एवं सुविधाओं के लिए वित्त मंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक रहे मौजूद
लोकार्पण समारोह में जनपद पंचायत अध्यक्ष राजकुमारी दिलीप राठिया, जनपद पंचायत सदस्य बलदेव कुर्रे, सतबाई छोटेलाल, गिरधर गुप्ता, गोपाल शर्मा, महेश साहू, डॉ. हितेश गबेल, सनत नायक, विजय शर्मा, एसडीएम खरसिया प्रवीण भगत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में एसडीएम खरसिया द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

