सक्ती पुलिस की कार्रवाई, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
सक्ती, 16 अप्रैल 2025 – थाना सक्ती पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध रूप से देशी प्लेन शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी डाम्बुदेर उर्फ डमरू लाल पटेल (उम्र 25 वर्ष), निवासी ग्राम सिंघनसरा थाना सक्ती, को बुधवारी बाजार के पास 61 नग देशी प्लेन शराब (प्रत्येक 180 एमएल, कुल 10.980 लीटर, अनुमानित कीमत ₹4880) के साथ पकड़ा गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में शराब बिक्री हेतु कपड़े के झोले में लेकर बुधवारी बाजार की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश यादव (रापुसे), तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री मनीष कुंवर के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए निरीक्षक बृजेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
दुल्हन साड़ी शोरूम के पास संदेहास्पद स्थिति में मिले आरोपी से पूछताछ कर तलाशी ली गई, जिसमें अवैध शराब पाई गई। शराब रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश न कर पाने पर शराब को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक लालाराम खुंटे, प्रधान आरक्षक उमेश साहू एवं आरक्षक घनश्याम टंडन की अहम भूमिका रही। थाना सक्ती पुलिस ने इस सफलता को नशा उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

