सरसीवा (छत्तीसगढ़) : सरसीवा थाना क्षेत्र के पीकरीपाली महुआ पाली गांव में अवैध शराब का कारोबार जोरों पर है। ग्रामीणों के मुताबिक, यहां महुआ से बनी देसी शराब के साथ-साथ महंगी हाई ब्रांड शराब भी खुलेआम बेची जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस को इस अवैध कारोबार की जानकारी है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। पुलिस कभी-कभी औपचारिकता निभाने के लिए गांव आती है, लेकिन बड़े स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं होती। ग्रामीणों ने चिंता जताई है कि शराब के इस कारोबार से युवा पीढ़ी नशे की चपेट में आ रही है, जिससे पारिवारिक विवाद और आर्थिक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया, “यह कारोबार बड़े पैमाने पर चल रहा है, और प्रशासन को सब कुछ पता है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही।” ग्रामीणों का यह भी कहना है कि कुछ प्रभावशाली लोग इस कारोबार में शामिल हैं, जो पुलिस को रोकते हैं।
अवैध शराब के इस कारोबार के कारण गांव में अपराध की घटनाएं भी बढ़ रही हैं, जिससे ग्रामीणों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। प्रशासन की इस नाकामी से नशा मुक्त समाज की उम्मीदों पर सवाल उठने लगे हैं।

