सरिया मण्डल की महिलाओं को जिला महिला मोर्चा टीम में मिली अहम जिम्मेदारी
सरिया। भारतीय जनता पार्टी के संगठन विस्तार और महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने की दिशा में सरिया मण्डल की सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं को जिला महिला मोर्चा टीम में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। यह नियुक्तियाँ महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष वैजन्ती लहरे द्वारा संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और कार्यक्षमता को देखते हुए की गई हैं।
नवीन जिम्मेदारियों के तहत श्रीमती आकांक्षा बेहरा को जिला मंत्री का दायित्व प्रदान किया गया है, जबकि श्रीमती रजनी चौहान को महिला मोर्चा का मण्डल अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा श्रीमती प्रेमलता पटेल, श्रीमती मीना चौहान, श्रीमती रीना दास एवं श्रीमती पवित्रा साव को जिला कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, सरिया मण्डल की इन महिला नेत्रियों ने संगठनात्मक गतिविधियों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाई है। क्षेत्रीय स्तर पर जनसंपर्क, सामाजिक कार्यों और पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुँचाने में इनके योगदान को देखते हुए इन्हें यह अवसर दिया गया है।
जिला नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि इनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी की नीतियाँ जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुँचेंगी। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों और जिला कार्यकारिणी सदस्यों को पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की ओर से शुभकामनाएँ दी गई हैं।

