खरसिया :- तहसील खरसिया के मुख्यालय ग्राम मदनपुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों में जल संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार फरवरी माह लगते ही बोर-बोरिंग का जलस्तर तेजी से नीचे चला गया है और कई स्थानों पर पानी की किल्लत शुरू हो चुकी है। स्थिति यह है कि आगामी मार्च 2026 तक लगभग 90 प्रतिशत बोर-बोरिंग फेल होने की आशंका जताई जा रही है।ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खरसिया को ज्ञापन सौंपकर बांगो नहर में फरवरी के अंतिम सप्ताह या मार्च के प्रारंभ तक पानी छोड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि हर वर्ष गर्मी के मौसम में नहर में पानी छोड़े जाने से क्षेत्र का जलस्तर बढ़ता है, जिससे बोर-बोरिंग में पानी की समस्या में राहत मिलती है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते नहर में पानी नहीं छोड़ा गया तो मजबूरीवश उन्हें धरना-आंदोलन का सहारा लेना पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।ज्ञापन की प्रतिलिपि क्षेत्रीय सांसद राधेश्याम राठिया (रायगढ़ लोकसभा), विधायक उमेश पटेल (खरसिया), जिला महामंत्री भाजपा महेश साहू (रायगढ़), जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गवेल (रायगढ़) सहित कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी खरसिया एवं कार्यपालन अभियंता मिनीमाता बांगो नहर संभाग क्रमांक 05 खरसिया को भी प्रेषित की गई है।
ग्रामीणों को अब प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है, ताकि गर्मी के पहले ही पेयजल संकट से राहत मिल सके।

