सक्ती :- जिले के मालखरौदा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बोडासागर सहित आसपास के दर्जनों गांवों में फरवरी माह में ही भीषण जल संकट की स्थिति निर्मित हो गई है। क्षेत्र में भूजल स्तर लगभग 300 फीट नीचे पहुंच जाने से ग्रामीणों में चिंता व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार बोडासागर के अलावा परसी, परसा, सारसकेला, भाटा, शेरो, अंडा एवं अंडी गांवों में बोरवेल और हैंडपंपों का जलस्तर लगातार गिर रहा है। कई स्थानों पर हैंडपंपों ने पानी देना कम कर दिया है, जबकि तालाबों का जलस्तर भी घटता दिखाई दे रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि अभी गर्मी का मौसम शुरू ही हुआ है और जलस्तर में इतनी गिरावट चिंताजनक है। मई-जून की भीषण गर्मी में स्थिति और गंभीर हो सकती है। क्षेत्र के किसानों के अनुसार पूर्व में शासन-प्रशासन द्वारा नहरों में पानी छोड़ा जाता था, जिससे भूजल स्तर संतुलित रहता था। साथ ही पर्याप्त वर्षा होने से जलस्रोत भरे रहते थे, किंतु इस वर्ष अपेक्षित बारिश नहीं होने के कारण भूजल स्तर में भारी गिरावट आई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र ही नहरों में पानी छोड़ा जाए और जल संकट से निपटने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि पेयजल की कमी से आमजन के साथ-साथ पशु-पक्षियों के सामने भी गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले महीनों में क्षेत्र में पेयजल संकट विकराल रूप ले सकता है।

