खरसिया :- क्षेत्र के ग्राम लोढ़ा झर स्थित सब स्टेशन की लापरवाही से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। इस सब स्टेशन से रक्सा पाली, बड़े जाम पाली, कुरु भाटा, नहर पाली फाटक, मुरा समेत कई गांवों को बिजली सप्लाई की जाती है, लेकिन पिछले कई महीनों से अनियमित बिजली कटौती ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 8–10 दिनों से रात में बिजली काट दी जाती है और सुबह कब बहाल होगी, इसकी कोई निश्चितता नहीं रहती। कई बार दिनभर और पूरी रात तक बिजली गुल रहती है। सब स्टेशन के कर्मचारियों से जानकारी लेने पर कभी फाल्ट, कभी तार कटने, तो कभी मरम्मत का बहाना दिया जाता है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
बिजली की इस अनिश्चित आपूर्ति के कारण पीने के पानी तक की किल्लत हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि फोन करने पर सब स्टेशन का कोई कर्मचारी कॉल तक नहीं उठाता, जिससे जानकारी भी नहीं मिल पाती।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे सब स्टेशन में धरना देने को मजबूर होंगे। लगातार हो रही इस मनमानी से ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है।

