खरसिया :- ग्राम दर्रा मुड़ा बिंजकोट स्थित शारडा एनर्जी एंड मिनरल्स (पूर्व SKS प्लांट) में शुक्रवार को वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) को लेकर हंगामा हो गया। कर्मचारियों के दो गुट आमने-सामने आ गए।

सुबह बीजेपी जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि ने समर्थकों के साथ मुख्य द्वार पर गाड़ी आड़ा दी और कम इंक्रीमेंट का विरोध शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख टीआई और एसडीएम मौके पर पहुंचे। पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए, जिससे माहौल और गरमा गया।
कंपनी प्रबंधन ने कहा कि वेतन वृद्धि पूरी तरह कार्य प्रदर्शन के आधार पर है, किसी राजनीतिक दबाव में नहीं। बावजूद इसके दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात पर अड़े रहे।
एसडीएम ने समझाइश देकर कहा कि बेहतर काम करने वालों को भविष्य में और बढ़ोतरी दी जाएगी। लंबे प्रयासों के बाद मामला शांत हुआ।
इस दौरान प्लांट के मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई घंटे तक जाम लगा रहा, जो शाम तक खुल सका।

