खरसिया, 3 फरवरी 2026। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के खरसिया इकाई द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम के बैनर तले महात्मा गाँधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना ( मनरेगा ) योजना का नाम बदले जाने के विरोध में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह प्रदर्शन रायगढ़ चौक में किया गया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने रायगढ़ रोड पर चक्का जाम कर विरोध दर्ज कराया।

धरना कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार पर मनरेगा जैसी ऐतिहासिक ग्रामीण रोजगार योजना की मूल भावना को कमजोर करने का आरोप लगाया और गांधीजी के नाम को हटाने के फैसले को जनविरोधी बताया।

कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष मनोज गबेल तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा ने किया। इस दौरान अभय महंती, भोग सिंह राठिया, राम दयाल राठिया, गोपाल शर्मा, प्रिंस सलूजा, महिला नेत्री नैना गबेल, राम किशनु आदित्य, साध राम साहू, अजय पटेल और लाला राठौर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रदर्शन में एनएसयूआई के कार्यकर्ता, पूर्व पार्षदगण तथा सेक्टर प्रभारी भी शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं बल्कि ग्रामीण गरीबों के सम्मान और अधिकार से जुड़ी योजना है, जिसे महात्मा गांधी के नाम से जोड़कर देश की ग्राम स्वराज की भावना को दर्शाया गया था। नाम हटाने का निर्णय इसी विरासत पर चोट है।
प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए रायगढ़ रोड पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में प्रशासनिक समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया।

