रायगढ़ :-तमनार तहसील में कोयला खनन को लेकर विरोध तेज़ हो गया है। M/s जिंदल पावर लिमिटेड द्वारा Gare Palma सेक्टर-1 ओपनकास्ट-कम-अंडरग्राउंड कोल माइन्स परियोजना (क्षेत्रफल 3020 हेक्टेयर, प्रस्तावित उत्पादन क्षमता 15 मिलियन टन प्रतिवर्ष) के लिए पर्यावरण स्वीकृति हेतु जनसुनवाई का आयोजन 14 अक्टूबर 2025 को ग्राम पंचायत धौराभाठा में किया जाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह खदान तमनार क्षेत्र के 28 गाँवों को सीधे प्रभावित करेगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि नई खदान से—
भूजल स्तर में भारी गिरावट
खेतों की उपजाऊ भूमि का क्षरण
प्रदूषण जनित गंभीर बीमारियाँ
बड़े पैमाने पर विस्थापन और रोजगार संकट
जैसी समस्याएँ बढ़ेंगी।
ग्रामीणों का आरोप है कि रायगढ़ पहले से ही कोयला खदानों के कारण प्रदूषण, बीमारी और विस्थापन की मार झेल रहा है। अब एक और खदान खुलने का अर्थ है पर्यावरण और जीवन पर नई चोट।
जनप्रतिनिधियों और स्थानीय संगठनों ने कहा, “यह जनसुनवाई महज़ औपचारिकता है, जनता की असली राय दबाने की कोशिश है। हम अपनी ज़मीन, जंगल, पानी और आने वाली पीढ़ियों की रक्षा के लिए एकजुट होकर विरोध करेंगे।”
ग्रामीणों ने तमनार कोयला प्रभावित क्षेत्र के सभी नागरिकों से 14 अक्टूबर की जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुँचकर विरोध दर्ज कराने की अपील की है।

