खरसिया :- लगातार जाम, दुर्घटनाओं और जनआक्रोश के बाद आखिरकार NH-49 पर वाहनों की रफ्तार फिर लौट आई। बरगढ़ के पास बोराई नाला पर क्षतिग्रस्त पुल का कार्य पूर्ण होते ही आज दिनांक 07 जनवरी 2026 से राष्ट्रीय राजमार्ग को सुचारु रूप से आम जनता के लिए खोल दिया गया।
यह कार्रवाई रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई। पुल एवं मार्ग की गुणवत्ता को लेकर खरसिया एसडीएम प्रवीण तिवारी एवं NH सब-इंजीनियर रितेश कश्यप ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त निरीक्षण किया। सभी तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद NH-49 को पुनः चालू करने का निर्णय लिया गया।

महीनों तक झेलनी पड़ी परेशानी
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले बरगढ़ स्थित बोराई नाला पर बने पुल का आधा हिस्सा अचानक धंस गया था, जिससे NH-49 पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया था। इसके बाद प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग चालू तो किया, लेकिन वह मार्ग भी कुछ ही दिनों में पूरी तरह जर्जर हो गया।बड़े-बड़े गड्ढे, रोज़ाना जाम, दोपहिया वाहन चालकों की दुर्घटनाएँ,परिवारों का सड़क पर गिरना इन सबके चलते आम जनता का जन आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा था।

भव्या छत्तीसगढ़ अख़बार की लगातार मुहिम
इस गंभीर जनसमस्या को भव्या छत्तीसगढ़ अख़बार ने लगातार प्रमुखता से प्रकाशित किया। सड़क की बदहाली, दुर्घटनाओं और प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करते हुए अख़बार ने बार-बार जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया।
आज फिर दौड़ी गाड़ियाँ, लौटी रौनक
NH-49 के खुलते ही खरसिया–रायगढ़ मार्ग पर यातायात सामान्य हो गया। ट्रक, बस, कार और दोपहिया वाहन चालकों ने राहत महसूस की। व्यापारियों और आम नागरिकों ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक जीवनरेखा है, जिसका बंद रहना पूरे इलाके को प्रभावित कर रहा था।हालांकि सड़क खुलने से राहत मिली है, लेकिन जनता अब यह सवाल भी उठा रही है कि—
❓ क्या निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता किया गया था?
❓ क्या दोषी ठेकेदारों और अधिकारियों पर कार्रवाई होगी?
लोगों की मांग है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही न हो और सड़क निर्माण में गुणवत्ता की सख्त निगरानी सुनिश्चित की जाए।

