खरसिया :- (छत्तीसगढ़):
राष्ट्रीय राजमार्ग 49 रायगढ़-बिलासपुर मार्ग के खरसिया थाना अंतर्गत बोतल्दा से पलगढ़ा घाट तक फोरलेन सड़क किनारे रात के अंधेरे में अवैध रूप से फ्लाई ऐश गिराए जा रहे हैं। बिना नंबर प्लेट के ट्रांसपोर्टरों के डंपर खुलेआम रोड पर दौड़ रहे हैं और जगह-जगह फ्लाई ऐश गिरा रहे हैं, जिससे बारिश के पानी में बहकर यह राख खेतों में जमा हो रही है। इससे न केवल किसानों की खेती प्रभावित हो रही है बल्कि आने वाले समय में स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जब इन गाड़ियों को रोककर पूछताछ की गई तो न तो उनके पास किसी प्रकार के वैध दस्तावेज थे और न ही पर्यावरण विभाग की कोई अनुमति। ट्रक चालक सवालों से बचते हुए टालमटोल करते नजर आए। इन डंपरों से उड़ने वाली फ्लाई ऐश की धूल सड़कों पर छायी रहती है, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पिछले वर्ष पर्यावरण विभाग ने फ्लाई ऐश की अवैध डंपिंग की शिकायत के लिए एक टोल फ्री नंबर जारी किया था, जिससे कुछ समय के लिए यह गतिविधि रुक गई थी। लेकिन अब फिर से ट्रांसपोर्टर बेखौफ होकर बिना नंबर प्लेट के गाड़ियाँ चला रहे हैं और बस्तियों एवं खेतों के पास फ्लाई ऐश डंप कर रहे हैं। पतरापाली, बोतल्दा, जामजोर, छोटे देवगांव जैसे गाँवों में खुले स्थानों को निशाना बनाकर रात के समय फ्लाई ऐश गिराया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पर्यावरण विभाग और प्रशासन की तरफ से केवल दिखावटी कार्रवाई की जा रही है। जब तक इन ट्रांसपोर्टरों और संबंधित उद्योगों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए जाते, तब तक यह जहरीली राख क्षेत्र के पर्यावरण, कृषि और मानव जीवन को नुकसान पहुँचाती रहेगी।

