बरमकेला।सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखण्ड अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र सेवा सहकारी समिति मर्यादित गोबरसिंहा (पं.क्र. 1551) के हमाल अब एक समान ड्रेस कोड में नजर आएंगे। समिति के प्राधिकृत अधिकारी मुरलीधर पटेल की पहल पर धान खरीदी कार्य में लगे सभी हमालों के लिए एक ही रंग का टी-शर्ट तैयार कराया गया।

सोमवार को समिति कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि जिला उपाध्यक्ष स्वप्निल स्वर्णकार तथा विशिष्ट अतिथि सरिया मंडल भाजपा अध्यक्ष प्रदीप सतपथी की उपस्थिति में 55 धान तौलिया मजदूरों को दो-दो टी-शर्ट भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व महामंत्री द्वय चूड़ामणि पटेल एवं राधामोहन पाणिग्राही, उपाध्यक्ष नवीन प्रधान, ग्राम गोबरसिंहा के गौटिया हृदयराम पटेल एवं सुदामा पटेल भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्राधिकृत अधिकारी मुरलीधर पटेल एवं प्रबंधक मीनकेतन डनसेना ने कहा कि मजदूर भाइयों का परिश्रम और समर्पण अमूल्य है। उनकी कड़ी मेहनत को सम्मानित कर आज समिति स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रही है।मुख्य अतिथि स्वप्निल स्वर्णकार ने धान खरीदी कार्य में मजदूरों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि मजदूर का पसीना मोती के समान होता है। मजदूर समाज की खुशहाली के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर देता है। उन्होंने सेवा सहकारी समिति मर्यादित गोबरसिंहा द्वारा आयोजित इस सम्मान कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

