डभरा।सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले आरोपी को डभरा पुलिस ने गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी दुर्गेश चंद्रा, जो छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) में आरक्षक पद पर पदस्थ था और वर्तमान में निलंबन की स्थिति में है, ने मंत्रालय में प्रभावशाली संबंधों का दावा कर फरियादी से ₹12,40,000/- की ठगी की थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने छात्रावास अधीक्षक, मंत्रालय में सहायक ग्रेड-02, तथा चपरासी पदों पर नौकरी लगाने का झांसा देकर फरियादी को लंबे समय तक भ्रमित किया। आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों और झूठे वादों के जरिये यह ठगी की।
इस गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक सक्ती, श्रीमती अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश पर डभरा थाना में आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 318(4) बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश यादव (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी (पु.) चंद्रपुर-डभरा, श्रीमती अंजली गुप्ता (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी कमल किशोर महतो, उप निरीक्षक सी.एम. मालाकार और उनकी टीम ने इस मामले में सराहनीय कार्य किया।
डभरा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
सक्ति पुलिस: “जन सेवा – सुरक्षा – न्याय”

