रायपुर :- 24 फरवरी। धरसीवां जनपद पंचायत के ग्राम दोंदेकला निवासी एवं राष्ट्रीय हिन्दी मासिक पत्रिका धरोहर हमारे गौरव के प्रधान संपादक डॉ. मन्नूलाल चेलक को नेपाल की राजधानी काठमांडू में ‘मातृभाषा रत्न’ अंतरराष्ट्रीय मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर प्रदान किया गया।

यह गरिमामयी सम्मान नेपाल की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था शब्द प्रतिभा बहुद्देशीय सम्मान फाउंडेशन नेपाल द्वारा आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नेपाल-भारत मैत्री संबंधों को सुदृढ़ करना, देवनागरी लिपि के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देना तथा हिन्दी-नेपाली जैसी मैत्री भाषाओं के वैश्विक प्रचार-प्रसार को प्रोत्साहित करना रहा।
समारोह में नेपाल, भारत, अमेरिका, मॉरीशस, तंजानिया और चीन सहित पांच देशों के लगभग एक हजार साहित्यकारों, शिक्षकों, संपादकों एवं शैक्षणिक प्रतिभाओं को ‘मातृभाषा रत्न’ मानद उपाधि एवं ‘मातृभाषा गौरव’ सम्मान से अलंकृत किया गया। इसी क्रम में डॉ. मन्नूलाल चेलक को उनके उल्लेखनीय साहित्यिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
डॉ. चेलक ब्लैक बेल्ट 3 डॉन होने के साथ-साथ वर्ष 1995 से आत्मरक्षा के क्षेत्र में कराते प्रशिक्षण दे रहे हैं। अब तक वे 11,973 लोगों को प्रशिक्षण प्रदान कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर चुके हैं और Golden Book of World Records में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं।
मार्शल आर्ट, जूडो-कराटे, किक बॉक्सिंग एवं पायजन टच में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त करने वाले डॉ. चेलक छत्तीसगढ़ के एकमात्र व्यक्ति हैं। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, मित्रों एवं परिजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

