रायगढ़, 1 अप्रैल 2026। रायगढ़ जिले की तहसील खरसिया में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश न्यायालय का शुभारंभ किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के मुख्य न्यायाधिपति रमेश सिन्हा ने वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया।

इस दौरान खरसिया में न्यायिक अधिकारियों के आवास निर्माण तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ (सिविल जिला रायगढ़) में डिजिटल कंप्यूटर रूम के निर्माण हेतु भूमि पूजन भी किया गया।
मुख्य न्यायाधिपति सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि नए न्यायालय की स्थापना क्षेत्रवासियों को त्वरित और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इसे न्यायिक अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले दिन ऐसे कार्यों का शुभारंभ पूरे वर्ष के लिए सकारात्मक संकेत है।
कार्यक्रम में सचिन सिंह राजपूत (पोर्टफोलियो जज, जिला रायगढ़) भी वर्चुअल रूप से शामिल हुए। आयोजन जिला एवं सत्र न्यायालय रायगढ़ से किया गया, जहां से खरसिया एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ के अधिकारी जुड़े।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जितेंद्र कुमार जैन द्वारा दिया गया, जबकि आभार प्रदर्शन विशेष न्यायाधीश शोभना कोष्टा ने किया।
उल्लेखनीय है कि 1 अप्रैल 2026 से श्वेता श्रीवास्तव ने जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। इससे अब क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर ही न्यायिक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
इस अवसर पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, विभिन्न तहसीलों के प्रतिनिधि, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, शासकीय अभिभाषक, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी वर्चुअल एवं भौतिक रूप से उपस्थित रहे।

