खरसिया :- ग्राम पंचायत बड़े देवगांव में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लापरवाही पूर्वक सत्यापन कर अपात्र घोषित किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में समस्त प्रभावित हितग्राहियों ने अनुविभागीय अधिकारी (रा.) खरसिया, जिला रायगढ़ को ज्ञापन सौंपते हुए संबंधित पटवारी एवं पंचायत सचिव पर कार्रवाई तथा सभी पात्र हितग्राहियों का पुनः सत्यापन कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि सत्यापन की प्रक्रिया के दौरान पंचायत सचिव एवं पटवारी द्वारा गंभीर लापरवाही बरती गई। बिना किसी पूर्व सूचना के कई ऐसे हितग्राहियों को अपात्र कर दिया गया, जो पूर्ववर्ती सरकार के समय पात्र थे और नियमित रूप से योजना का लाभ ले रहे थे। अचानक बड़ी संख्या में हितग्राहियों के अपात्र हो जाने से वे शासन की महत्वपूर्ण योजना से वंचित हो गए, जिससे ग्राम पंचायत में भारी आक्रोश व्याप्त है।
हितग्राहियों का कहना है कि गठित टीम द्वारा बिना मुनादी कराए और हितग्राहियों की उपस्थिति के बिना सत्यापन किया गया, जो पूरी तरह से नियमों के विरुद्ध है। इससे भूमिहीन कृषि मजदूरों के साथ अन्याय और धोखा हुआ है।
आवेदकों ने मांग की है कि ग्राम पंचायत बड़े देवगांव में मुनादी कराकर सभी हितग्राहियों की उपस्थिति में पुनः सत्यापन कराया जाए, ताकि वास्तविक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके। साथ ही, लापरवाही के लिए दोषी पटवारी और पंचायत सचिव पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

