रायगढ़ :- भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ ने रायगढ़ जिले के भाजयुमो (भाजपा युवा मोर्चा) प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत को पार्टी अनुशासनहीनता के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि रवि भगत द्वारा लगातार सोशल मीडिया पर पार्टी नेताओं के खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है, जो पार्टी की गरिमा और संगठनात्मक अनुशासन के खिलाफ है।
पार्टी प्रदेश कार्यालय से जारी नोटिस में प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी जगदीश राम रोहरा ने स्पष्ट किया है कि रवि भगत का यह आचरण अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर यह नोटिस जारी किया गया है।
नोटिस में रवि भगत से सात दिनों के भीतर अपने आचरण पर जवाब देने को कहा गया है। जवाब संतोषजनक नहीं होने की स्थिति में उन्हें भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
