*प्रयांशु ने सुनाया पहाड़ा, भोजकुमारी ने भरे सही उत्तर — कलेक्टर ने की सराहना*
खैरागढ़:- 30 जून 2025 //
विकासखंड छुईखदान के ग्राम मुंण्डाटोला स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का आज कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति, शिक्षकों की स्थिति, गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों के वितरण की जानकारी ली और समय पालन की जांच की।
शाला में पदस्थ शिक्षक भिखेंद्र कुमार जंघेल ने बताया कि प्रधान पाठक की ड्यूटी पूरक परीक्षा में लगी है। विद्यालय में कुल 68 दर्ज बच्चों में से 66 विद्यार्थी उपस्थित थे, जो कि उपस्थिति के लिहाज से संतोषजनक है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर चंद्रवाल ने कक्षा पाँचवीं के छात्र प्रयांशु मेरावी से 8 का पहाड़ा सुनाने कहा। प्रयांशु ने बिना रुके पूरे 8 का पहाड़ा सही-सही सुनाया, जिससे प्रभावित होकर कलेक्टर ने तालियां बजाकर उसकी सराहना की। वहीं, कक्षा चौथी की छात्रा भोजकुमारी धुर्वे द्वारा हिंदी अभ्यास पुस्तिका में ‘स्वयं’ और ‘पलकों’ से संबंधित भरे उत्तरों को देखकर भी उन्होंने उसकी प्रशंसा की।
कलेक्टर ने विद्यालय की दीवारों पर बनी रंग-बिरंगी चित्रकारी (वॉल पेंटिंग) को सराहते हुए कहा कि ऐसी पहल से विद्यालय का वातावरण आकर्षक और प्रेरणादायक बनता है।
इसके साथ ही उन्होंने स्कूल परिसर और शौचालय में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित स्कूल वातावरण बच्चों की पढ़ाई में सकारात्मक भूमिका निभाता है।

