रायगढ़ :- रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड अंतर्गत गारे पेलमा सेक्टर-1 कोयला खदान के लिए 08 दिसंबर 2025 को स्कूल मैदान, धौराभाठा में आयोजित की गई कथित अवैध जनसुनवाई को निरस्त किए जाने की मांग को लेकर कोयला सत्याग्रह लगातार जारी।
इस सत्याग्रह में कोयला प्रभावित क्षेत्र के 60 से अधिक गांवों के मजदूर, किसान, महिलाएं, पुरुष, युवा और युवतियों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। आंदोलन में रायगढ़ के सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकार साथी भी शामिल होकर जनसुनवाई को अवैध बताते हुए इसे रद्द करने की मांग कर रहे हैं।
आंदोलनकारियों का कहना है कि जनसुनवाई निर्धारित नियमों और जनभागीदारी की प्रक्रिया का पालन किए बिना कराई गई, जिससे स्थानीय लोगों के अधिकारों का हनन हुआ है। सत्याग्रह के माध्यम से प्रभावित ग्रामीण अपनी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक जनसुनवाई को निरस्त नहीं किया जाता और उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक कोयला सत्याग्रह शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।

