खरसिया :- टी.एस.एस. उपकेन्द्र बड़े देवगांव में धान तौल को लेकर गंभीर गड़बड़ी का मामला सामने आया है। किसानों ने आरोप लगाया है कि उपकेन्द्र में धान तौल के दौरान प्रत्येक बोरे में 2 से 3 किलोग्राम तक अतिरिक्त धान लिया गया। इस संबंध में दिनांक 31 दिसंबर 2025 को किसानों द्वारा तहसीलदार के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी।
शिकायत के बाद किसानों की मौजूदगी में बाहर से मंगाए गए तौल कांटे से धान की पुनः तौल कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। किसानों का कहना है कि न केवल 31 दिसंबर को, बल्कि अन्य तिथियों में की गई तौल में भी इसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आई। इसके पश्चात प्रशासन द्वारा जांच टीम गठित कर मौके पर पंचनामा बनाया गया तथा किसानों से हस्ताक्षर भी कराए गए।
पटवारी जांच में शिकायत सही, फिर भी कार्रवाई लंबित
शिकायत के बाद पटवारी द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की गई, जिसमें धान तौल में अनियमितता की पुष्टि हुई। पटवारी ने पंचनामा तैयार कर जांच अधिकारी को सौंप दिया, लेकिन किसानों का आरोप है कि अब तक न तो अतिरिक्त लिया गया धान वापस किया गया है और न ही दोषी प्रबंधक पर कोई ठोस कार्रवाई की गई है।
किसानों में आक्रोश, निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग
किसानों ने अनुविभागीय अधिकारी से मांग की है कि धान खरीदी शुरू होने की तिथि से अब तक किसानों से लिया गया समस्त अतिरिक्त धान उन्हें वापस कराया जाए। साथ ही, जांच में दोषी पाए जाने पर मंडी प्रबंधक को तत्काल पद से हटाकर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाए।
इस मामले को लेकर क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश है। किसानों का कहना है कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

