खरसिया :- ग्राम बरगढ़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग NH-49 पर स्थित बोराई नाला पुल का एक तरफ का हिस्सा कई महीने पहले धस गया था। पुल की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला कलेक्टर द्वारा इस मार्ग पर आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया था। प्रशासन की ओर से यह आश्वासन दिया गया था कि 45 दिनों के भीतर पुल की मरम्मत कर मार्ग को सुचारु कर दिया जाएगा, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद आज तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य नहीं हो पाया है।

NH-49 के बंद रहने के कारण यात्री और भारी वाहन चालकों को पुरानी वैकल्पिक सड़क का सहारा लेना पड़ रहा है। पर लगातार भारी वाहनों के चलने से यह सडक भी जर्जर अवस्था में तब्दील हो रहा है। ओवरलोड वाहनों के लगातार आवागमन से इसकी हालत और भी बद से बदतर हो रही है। सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है, बड़े गड्ढे बन गए हैं और धूल-मिट्टी के कारण दृश्यता भी कम हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लगभग रोज़ाना दुर्घटनाएँ हो रही हैं। दोपहिया वाहन चालक और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में सड़क पर फिसलन बढ़ जाती है, जिससे हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण जनता को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। कई बार संबंधित विभाग को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पुल निर्माण और सड़क मरम्मत कार्य में हो रही देरी से लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से मांग की है कि बोराई नाला पुल का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए, NH-49 पर यातायात बहाल किया जाए तथा वैकल्पिक मार्ग की तत्काल मरम्मत कर ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

