रायगढ़ :- लोचन नगर, रायगढ़ स्थित इंग्लिश मीडियम प्ले स्कूल ब्लूमिंग बड्स का शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिकोत्सव 14 दिसंबर को रायगढ़ ऑडिटोरियम में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायगढ़ के डीएसपी सुशांतो बनर्जी रहे।कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे बच्चों द्वारा मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ एवं मोमेंटो भेंट कर स्वागत से हुई। इसके पश्चात भारतीय परंपरा के अनुसार दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। सर्वप्रथम विद्यालय की शिक्षिकाओं द्वारा स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया।

इसके बाद प्ले नर्सरी के बच्चों ने ‘लकड़ी की काठी’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। नर्सरी के बच्चों द्वारा ‘डिस्को डांसर’ और ‘टुकुर-टुकुर’ गीतों पर प्रस्तुत नृत्य ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया। वहीं नर्सरी द्वारा प्रस्तुत फैमिली थीम आधारित नृत्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया।एलकेजी के बच्चों ने दक्षिण भारतीय वेशभूषा में लुंगी डांस तथा ‘मेरा नाम चीन चीन चू’ गीत पर शानदार प्रस्तुति दी। यूकेजी के बच्चों द्वारा ‘मैं निकला गड्डी ले के’ पर प्रस्तुत नृत्य और अंत में छत्तीसगढ़ी पारंपरिक परिधान में छात्राओं द्वारा ‘तरी हरि ना ना’ गीत पर प्रस्तुत नृत्य ने पूरे सभागार को तालियों से गूंजा दिया।मुख्य अतिथि डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने अपने उद्बोधन में पालकों से बच्चों को हर क्षेत्र में प्रोत्साहित करने का आह्वान किया तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में विद्यालय की भूमिका की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में ब्लूमिंग बड्स की चेयरपर्सन जागृति प्रभाकर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया एवं बच्चों की मेहनत और शिक्षिकाओं के प्रयासों की प्रशंसा की। कार्यक्रम का सफल संचालन विस्मिता मिश्रा ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के संचालक अविनाश नामदेव सहित शिक्षिकाएं किरण वर्मा, नेहा अग्रवाल, ग्रेसी केरकेट्टा, मनीषा यादव, उपासना नंदे, नेहा जायसवाल, भारती इजारदार, नेहा कौशिक, चंचल पाहुजा तथा सहायक स्टाफ सत्या, विमला, दुलारी, यशोदा, सरस्वती एवं राजकमल का विशेष योगदान रहा।

