शिखा रविंद्र गवेल की पहल पर प्रशासन का निर्णय, सिंचाई के साथ पेयजल संकट से भी मिलेगी राहत
रायगढ़ /खरसिया :- क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भीषण गर्मी और सिंचाई संकट से जूझ रहे अन्नदाताओं को अब बड़ी राहत मिलने जा रही है। प्रशासन ने आगामी 3 तारीख को हसदेव बांगो डैम से नहरों के माध्यम से पानी छोड़ने का निर्णय लिया है। यह फैसला शिखा रविंद्र गवेल के विशेष प्रयासों और निरंतर फॉलोअप के बाद संभव हो पाया है।
बढ़ती गर्मी और पानी की कमी के कारण रबी फसलें प्रभावित हो रही थीं। किसानों की परेशानी को देखते हुए शिखा रविंद्र गवेल ने प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी से मुलाकात कर डैम से शीघ्र पानी छोड़े जाने की मांग की थी। क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस मांग का समर्थन किया था।
शिखा रविंद्र गवेल ने किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए सरकार से जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया था, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने 3 तारीख को पानी छोड़ने का निर्णय लिया।
सिंचाई के साथ पेयजल संकट से भी राहत
डैम से छोड़ा गया पानी नहरों के जरिए हजारों किसानों के खेतों तक पहुंचेगा, जिससे सूखती फसलों को नया जीवन मिलेगा। साथ ही, क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने से पेयजल की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। पानी का स्तर सुधरने से ग्रामीण और शहरी इलाकों में जलापूर्ति व्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
शिखा रविंद्र गवेल ने कहा,
“किसानों का हित हमारी प्राथमिकता है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए पानी की सख्त जरूरत थी। सरकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए किसानों की मांग स्वीकार की है।”
नहरों में पानी छोड़े जाने की खबर से किसानों में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के अन्नदाताओं ने इस पहल के लिए शिखा रविंद्र गवेल और प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया है।

