रायगढ़/ घरघोड़ा :- (रायगढ़), 25 जुलाई 2025 – छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार 01 जुलाई से 07 अक्टूबर 2025 तक चलाए जा रहे मध्यस्थता अभियान के अंतर्गत तालुका विधिक सेवा समिति, घरघोड़ा द्वारा शुक्रवार को नावापारा में मध्यस्थता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला न्यायाधीश जितेंद्र जैन के मार्गदर्शन तथा तालुका विधिक सेवा समिति, घरघोड़ा के अध्यक्ष एवं न्यायाधीश शहाबुद्दीन कुरैशी के परिपालन में संपन्न हुआ।
शिविर का संचालन विधिक स्वयंसेवक (पैरालीगल वॉलिंटियर) बालकृष्ण, लव कुमार चौहान एवं टीकम सिंह सिदार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में लोगों को मध्यस्थता (मीडिएशन) की प्रक्रिया तथा इसके माध्यम से विवादों के समाधान के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
उल्लेखनीय है कि मध्यस्थता के जरिए दीवानी, वैवाहिक, संपत्ति और व्यावसायिक विवादों का समाधान आपसी सुलह-सहमति से किया जा सकता है, जिसमें दोनों पक्षों को जीत का अनुभव होता है और न्यायालयीन प्रक्रियाओं से राहत मिलती है।
शिविर में उपस्थित नागरिकों को यह भी बताया गया कि 13 सितंबर 2025 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने लंबित मामलों का समाधान मध्यस्थता और सुलह के माध्यम से कर सकते हैं।
इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को वैकल्पिक विवाद निपटान विधियों की जानकारी देकर सुलभ, त्वरित और सौहार्दपूर्ण न्याय सुनिश्चित करना रहा।

