खरसिया :- न्यू विवेकानंद कान्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल ठुसकेला, खरसिया की मेधावी छात्रा अंशु शर्मा ने राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा (NEET 2025-26) में शानदार सफलता अर्जित कर विद्यालय, परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अंशु शर्मा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई न्यू विवेकानंद कान्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल से की है। उनके पिता का नाम मुकेश शर्मा है। नियमित एवं परिश्रमी छात्रा अंशु ने निरंतर मेहनत और समर्पण के बल पर चिकित्सा क्षेत्र की प्रतिष्ठित परीक्षा पास कर दिखाया कि लगन और अनुशासन से हर मंज़िल पाई जा सकती है।
NEET परीक्षा में सफलता के बाद अंशु शर्मा का चयन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, जगदलपुर (छत्तीसगढ़) में हो चुका है। इस उपलब्धि से न केवल उनके माता-पिता गर्वित हैं, बल्कि पूरा विद्यालय परिवार भी गौरवान्वित है।
विद्यालय प्रबंधन ने अंशु शर्मा की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत साबित होगी।

