रायगढ़ :- छत्तीसगढ़ एसीबी/ईओडब्ल्यू ने भ्रष्टाचार पर बड़ी चोट करते हुए शनिवार 16 सितंबर 2025 को रायगढ़ जिले में अब तक की सबसे बड़ी ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। बिलासपुर इकाई की टीम ने एनटीपीसी तिलाईपाली कार्यालय रायकेरा के उप महाप्रबंधक विजय दुबे को घरघोड़ा स्थित गोमती पेट्रोल पंप के पास अपनी कार में 4.50 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया।
शिकायत और योजना
13 सितंबर को ग्राम तिलाईपाली निवासी सौदागर गुप्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि एनटीपीसी द्वारा भूमि अधिग्रहण और पुनर्वास मुआवजे की शेष राशि 16 लाख रुपए दिलाने के एवज में विजय दुबे 5 लाख रुपए रिश्वत मांग रहा है। पहले ही 50 हजार रुपए ले चुका था।
ऑपरेशन का अंजाम
सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। 16 सितंबर को शिकायतकर्ता को 4.50 लाख रुपए के साथ भेजा गया। आरोपी ने गोमती पेट्रोल पंप पर मिलने को कहा और वहीं कार में रकम स्वीकारते ही एसीबी टीम ने उसे गिरफ्तार कर नकदी बरामद की।
कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच
विजय दुबे के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। टीम उसकी अन्य संपत्तियों की भी जांच कर रही है। एसीबी सूत्रों ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा।
यह छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद एसीबी की अब तक की सबसे बड़ी रिश्वत जब्ती है। पिछले एक साल में रायगढ़ जिले में यह आठवीं ट्रैप कार्रवाई है।

