रायपुर, 15 अगस्त 2023/ सुकमा जिले में 77वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय वातावरण में हर्षोउल्लास के साथ मनाया गया। आजादी की 76वीं वर्षगांठ पर सुकमा के मिनी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। परेड की निरीक्षण और सलामी के पश्चात मुख्य अतिथि ने शान्ति और प्रेम के प्रतीक सफेद कपोत और हर्ष व उल्लास के प्रतीक रंगीन गुब्बारे आसमान में छोड़े और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनांए दी। इसके उपरांत प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया गया।
समारोह में मंत्री श्री लखमा ने शहीद जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया। इसके साथ विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। साथ ही स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देने वाले समूह को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री हरीश कवासी, जीव जंतु कल्याण बोर्ड छत्तीसगढ़ सदस्य श्री करणदेव सिंह, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री जगन्नाथ साहू, सीआरपीएफ डीआइजी श्री अरविंद राय, कलेक्टर श्री हरिस. एस और पुलिस अधीक्षक श्री किरण चव्हाण, सहित अन्य जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सहित गणमान्य नागरिक, स्कूली बच्चे तथा आमजन उपस्थित थे।
