मोहला 14 अगस्त 2023। मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी में आज मेरी माटी, मेरा देश कार्यक्रम समारोह पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरीकगणों और महाविद्यालय मोहला की छात्राओं ने हाथ में तिरंगा थामकर शान से तिरंगा लहराया। राष्ट्रप्रेम से लबरेज महाविद्यालय की छात्राओं और नागरिकों ने तिरंगा लहराकर देश के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त किया। इस अवसर पर हर घर झंडा, घर-घर तिरंगा के संकल्प को मजबूत बनाने के लिए तिरंगे झंडे का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर हाथ में माटी लेकर पंचप्रण का शपथ लिया गया। श्याम वाटिका में कलेक्टर श्री एस जयवर्धन ने अंग्रेजी में व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हेमंत ठाकुर ने हिंदी में पंचप्रण का शपथ दिलाया। साथ ही यहां कलेक्टर सहित अधिकारियों व नागरिकगणों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कलेक्टर श्री एस जयवर्धन ने उपस्थित नागरिकगणों और महाविद्यालय के छात्राओं को पंचप्रण का शपथ दिलाया। कार्यक्रम में देश की आजादी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों की शहादत को याद करते हुए 2 मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजली देने के साथ ही उनके बलिदान को स्मरण किया गया। संकल्प लिया गया कि भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करेंगे। गुलामी की मानसिकता को जड़ से उखाड़ फेकेंगे। देश की समृद्ध विरासत पर गर्व करेंगे। भारत की एकता को सुदृढ़ करेंगे और देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करेंगे। नागरिक होने का कर्तव्य निभाएंगे।
उल्लेखनीय है कि देशभर में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इस अवसर पर देश भर में मेरी माटी, मेरा देश, हर घर झंडा, घर-घर तिरंगा कार्यक्रम चलाया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और देश की आजादी में अपने प्राणों की बलिदान देने वाले शहीदों के प्रति कृतज्ञता जाहिर करना है। जिले में आज कार्यक्रम को गरिमामय पूर्वक मना कर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रेम भावना को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर जीव जंतु कल्याण बोर्ड के सदस्य श्री संजय जैन, अध्यक्ष जनपद पंचायत मोहला श्री लगनू राम चद्रवंशी, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत मोहला श्रीमती गमिता लोन्हारे, एसडीएम डॉ.हेमन्द्र भुआर्य, समेत अधिकारीगण एवं विद्यार्थीगण उपस्थित थे।
क्रमांक 34 – प्रभाकर ———————-