सक्ती :- जिले के डभरा थाना क्षेत्र में सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एक चांदी का पायल बरामद किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घर में ताला लगाकर मजदूरी करने गई थी महिला, लौटने पर टूटा मिला पेटी का ताला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना ग्राम बोहारडीह की है। यहां निवासी मालाबाई चौहान (47 वर्ष) ने 25 नवंबर 2026 को थाना डभरा पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थिया ने बताया कि 2 नवंबर 2026 को सुबह करीब 7 बजे वह अपने घर में ताला लगाकर मजदूरी करने डभरा गई थी। इस दौरान उसकी मां धीरज बाई चौहान भी दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने खरसिया गई हुई थीं।
शाम करीब 6 बजे जब मालाबाई मजदूरी से वापस घर लौटी तो घर के अंदर रखी टीन की पेटी की कुंडी टूटी हुई मिली। पेटी की जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी रकम गायब थी।
चोरों ने घर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया था और पेटी में रखे दो सोने के माले, जिनमें एक माला में 9 फल और दूसरे माला में 7 फल लगे हुए थे, एक जोड़ी चांदी की पायल तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त के लिए रखे गए 30 हजार रुपये चोरी कर लिए थे।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध, जांच के दौरान आरोपियों तक पहुंची टीम
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना डभरा में अपराध क्रमांक 469/2026 के तहत धारा 331(3), 305(ए), 238(ए), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रार्थिया एवं गवाहों के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का निरीक्षण कर नक्शा तैयार किया। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर सागर चौहान एवं एक विधि से संघर्षरत बालक से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि नोबेल चौहान द्वारा सूचना दिए जाने के बाद उन्होंने घटना दिनांक को चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने सागर चौहान एवं विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से चोरी की गई एक चांदी की पायल बरामद की। इसके बाद नोबेल चौहान से भी पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, उसने भी अपने मेमोरेंडम कथन में अपराध स्वीकार किया।
दो आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग के संबंध में भी वैधानिक कार्रवाई
जांच में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने 26 नवंबर 2026 को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—
सागर चौहान (18 वर्ष), पिता गोरेलाल चौहान, निवासी बोहारडीह, थाना डभरा, जिला सक्ती।
नोबेल चौहान (26 वर्ष), पिता सोहनलाल चौहान, निवासी बोहारडीह, थाना डभरा, जिला सक्ती।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दी। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक की सामाजिक पृष्ठभूमि संबंधी जानकारी दर्ज कर उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
मामला अजमानतीय होने के कारण गिरफ्तार दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा मुख्यालय सक्ती के डी.आर. टंडन (रा.पु.से.) के कुशल मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी डभरा निरीक्षक राजेश कुमार पटेल, सहायक उप निरीक्षक दिलीप खलखो, हरनारायण ताम्रकार तथा आरक्षक शैलेंद्र देवांगन, राम गोपाल यादव, लक्ष्मीकांत उरांव, राजेश धीरहे, रोहित सिदार एवं भुनेश्वर गर्ग का विशेष योगदान रहा।
डभरा पुलिस की इस कार्रवाई से सूने मकान में चोरी की वारदात का खुलासा हुआ है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।

