25 केवी ट्रांसफार्मर की जगह 63 केवी का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग, शिवसेना अध्यक्ष पिंटू यादव के समर्थन में ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सौंपा ज्ञापन
खरसिया:- रायगढ़ जिले के खरसिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तेलीकोट के नहरपार मोहल्ले में पिछले 10 दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण मोहल्लेवासी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। बिजली नहीं होने से जहां ग्रामीणों के दैनिक जीवन पर बुरा असर पड़ रहा है,
वहीं पेयजल संकट भी गहरा गया है। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए पड़ोसी गांव का रुख करना पड़ रहा है।
मोहल्लेवासियों के अनुसार, नहरपार क्षेत्र में पिछले 10 दिनों से बिजली नहीं है। इसकी सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों को पहले भी दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

बिजली के अभाव में रात के समय पूरे मोहल्ले में अंधेरा छाया रहता है। ऐसे में जहरीले सांप-बिच्छुओं का खतरा बना हुआ है, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से परेशानी हो रही है।
बिजली विभाग पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
समस्या का समाधान नहीं होने से आक्रोशित मोहल्लेवासियों ने आज बिजली विभाग पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान ग्रामीणों ने शिवसेना अध्यक्ष पिंटू यादव के समर्थन से अपनी समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
25 केवी ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड, 63 केवी लगाने की मांग
शिवसेना अध्यक्ष पिंटू यादव ने बताया कि नहरपार मोहल्ले में वर्तमान में 25 केवी का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, आसपास के क्षेत्रों में कृषि कार्य के लिए पानी के पंप चलाए जाने के कारण ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड पड़ता है, जिससे वह बार-बार खराब हो जाता है। कुछ माह पहले ही 25 केवी का ट्रांसफार्मर लगाया गया था, लेकिन वह भी खराब हो गया है।
उन्होंने कहा कि बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामीणों को बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। इसलिए पुराने 25 केवी ट्रांसफार्मर को बदलकर उसकी जगह 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाना आवश्यक है, ताकि मोहल्ले में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
बच्चों और महिलाओं की परेशानी दूर करे विभाग
शिवसेना अध्यक्ष पिंटू यादव ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की कि नहरपार मोहल्ले की गंभीर समस्या को संज्ञान में लेते हुए जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए और घरों में बिजली आपूर्ति बहाल की जाए।
उन्होंने कहा कि बिजली नहीं होने के कारण छोटे-छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण पीने के पानी के लिए दूसरे गांव जाने को मजबूर हैं। रात में अंधेरे के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है।
पिंटू यादव ने कहा कि ग्रामीणों को बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए इस तरह भटकना नहीं पड़े, इसके लिए बिजली विभाग को तत्काल उचित कदम उठाने चाहिए।
अब ग्रामीणों को विभागीय कार्रवाई का इंतजार है।
ज्ञापन देने गए नहरपार के मोहल्लेवासियो के साथ खरसिया शिवसेना अध्यक्ष पिंटू यादव भी शामिल हुए

