रायगढ़ :- 25 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत निजी क्षेत्र में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायगढ़ द्वारा 29 सितंबर मंगलवार को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेला प्रातः 10.30 बजे से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायगढ़ में आयोजित होगा। मेले में विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा कुल 161 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को पद एवं योग्यता के अनुसार 10 हजार से 25 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।
रोजगार मेले में तकनीकी, वित्तीय सेवा, ग्राहक संबंध और अन्य क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। मे. नव दुर्गा फ्यूल्स प्रा. लि., सराईपाली (पूंजीपथरा) द्वारा फिटर के 2, वेल्डर के 1 और मैकेनिकल ट्रेनी के 8 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए आईटीआई योग्यता निर्धारित है। इसी तरह मे. चैतन्य इंडिया फिन क्रेडिट प्रा. लि., रायगढ़ द्वारा कस्टमर रिलेशनशिप ऑफिसर के 20 पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 12,200 से 15,000 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ पेट्रोल एवं इंसेंटिव की सुविधा दी जाएगी। मे. वेक्टर फाइनेंस प्रा. लि., रायपुर द्वारा कस्टमर रिलेशनशिप ऑफिसर के 22 पदों के लिए 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों से आवेदन लिया जाएगा, जिसमें वेतन 14,800 रुपये प्रतिमाह निर्धारित है।
मे. साफ्ट बीट कम्प्यूटर रायगढ़ द्वारा टीचर के 6 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए बीएससी नर्सिंग तथा एक वर्ष का अनुभव रखने वाली महिला अभ्यर्थी पात्र होंगी। इसके अलावा मे. टीपीएल सर्विस प्रा.लि. स्पलेन्डिड टावर, एसपी रोड हैदराबाद द्वारा आईटीआई तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें क्रेन ऑपरेटर के 8, फिटर के 30 पद सहित गैस कटर/वेल्डर, गैस कटर कम ग्राइंडर, लेथ ऑपरेटर, प्लपीट ऑपरेटर, रीगर, वर्टीकल लेथ मेन, हाईड्रोलिक फीटर वेल्डर एवं हेल्पर आदि के पद शामिल हैं। इन पदों के लिए पद के अनुसार 12वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे।
ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीयन जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का ई-रोजगार पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर पंजीकृत होना अनिवार्य है। ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने पूर्व में पोर्टल पर पंजीयन नहीं कराया है, उनके लिए रोजगार मेला स्थल पर भी पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर रोजगार मेले में उपस्थित हों तथा अपने समस्त मूल शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और जरूरी दस्तावेज साथ लेकर आएं। रोजगार मेला युवाओं को निजी क्षेत्र में सीधे रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का माध्यम बनेगा।
