सक्ती :- थाना बाराद्वार पुलिस ने लाखों रुपये की संगठित धोखाधड़ी का खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने सोना नवनीकरण (गोल्ड रिन्यूअल) एवं ऋण अवधि बढ़ाने का झांसा देकर पीड़ित और उसके परिवार से अलग-अलग बैंक खातों एवं डिजिटल माध्यमों से 90 लाख 28 हजार 500 रुपये की ठगी की थी।
गिरफ्तार आरोपियों में रेखा राठौर (37 वर्ष) निवासी निमधा, थाना मरवाही, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, अफरोज खान (46 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक-05, पुरानी बस्ती, पेंड्रा तथा सुभाष कुमार साहू (34 वर्ष) निवासी भरत चौक, चिंगराजपारा, चांटीडीह, जिला बिलासपुर शामिल हैं।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार ग्राम जेठा निवासी मूलचंद राठौर (48 वर्ष) ने 5 अगस्त 2026 को थाना बाराद्वार में शिकायत दर्ज कराई कि पेंड्रा निवासी रेखा राठौर, पुष्पांजली राठौर, अफरोज खान एवं सुभाष साहू ने सोना नवनीकरण कराने और ऋण अवधि बढ़ाने का प्रलोभन देकर योजनाबद्ध तरीके से उनसे और उनके परिवार के सदस्यों से भारी रकम अपने खातों में ट्रांसफर करवा ली।
आरोपियों ने पीड़ित, उसकी पत्नी तथा दोनों पुत्रों के अलग-अलग बैंक खातों से यूपीआई, एनईएफटी (NEFT), आरटीजीएस (RTGS) और आईएमपीएस (IMPS) के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से कुल 90 लाख 28 हजार 500 रुपये अपने खातों में जमा करा लिए और धोखाधड़ी कर फरार हो गए।
मामला दर्ज होते ही हरकत में आई पुलिस
शिकायत के आधार पर थाना बाराद्वार में अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 61(2) एवं 112 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग, पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी भुनेश्वरी पैंकरा के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र यादव के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
24 घंटे के भीतर तीन आरोपी गिरफ्तार
गठित विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर एक महिला एवं दो पुरुष आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अधिक पैसा कमाने की नीयत से संगठित गिरोह बनाकर मूलचंद राठौर को झांसे में लिया और 31 अक्टूबर 2025 से 5 मई 2026 के बीच किस्तों में अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से 90 लाख 28 हजार 500 रुपये की ठगी की।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सोना नवनीकरण और ऋण अवधि बढ़ाने का झूठा भरोसा देकर पीड़ित परिवार का विश्वास जीता और फिर डिजिटल बैंकिंग के माध्यम से रकम अपने खातों में स्थानांतरित करवा ली।
पुलिस का सख्त संदेश
थाना बाराद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धोखाधड़ी, लूट, डकैती एवं अन्य गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जिला पुलिस सक्ती नागरिकों की सुरक्षा तथा अपराध नियंत्रण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र यादव, सहायक उपनिरीक्षक यशवंत राठौर, प्रधान आरक्षक मनीष राजपूत, महिला प्रधान आरक्षक श्यामा जायसवाल, प्रधान आरक्षक प्रेम नारायण राठौर, प्रधान आरक्षक संतोष कश्यप, आरक्षक योगेश राठौर, आरक्षक राकेश राठौर एवं महिला आरक्षक रूपा लहरे का उल्लेखनीय योगदान रहा, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की।

