खरसिया :- खरसिया से चोढ़ा जाने वाली पुरानी नेशनल हाईवे पर ग्राम बांसमुड़ा से चोढ़ा मार्ग के दोनों ओर बरसाती पानी की निकासी के लिए नालेनुमा रास्ते बने हुए हैं। यह जल मार्ग आगे चलकर चोढ़ा स्थित दनतार नाला में जाकर मिलते हैं, जिससे भारी बारिश के दौरान भी पानी की निकासी सुचारू रूप से होती रही है।
लेकिन पिछले कुछ दिनों से कुछ लोगों द्वारा निजी स्वार्थ के चलते इन जल निकासी मार्गों पर मिट्टी डालकर उन्हें बंद किया जा रहा है। इससे न केवल प्राकृतिक जल प्रवाह बाधित हो रहा है, बल्कि आगामी बरसात के मौसम में सड़क पर जलभराव और आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया, तो बारिश के दौरान आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है और सड़क भी क्षतिग्रस्त हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए जल निकासी मार्ग को पुनः सुचारू कराया जाए और दोषियों के खिलाफ उचित कदम उठाए जाएं।
