खरसिया :- खरसिया क्षेत्र में लगातार गिरते जल स्तर को लेकर खरसिया क्षेत्र के छाया विधायक महेश साहू ने गंभीर चिंता जताते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो से दूरभाष पर चर्चा कर क्षेत्र की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया।
इसके साथ ही उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से भी फोन पर बातचीत करते हुए आमजन को हो रही जल समस्या को प्रमुखता से उठाया। महेश साहू ने वर्तमान हालात को देखते हुए नहर में जल उपलब्धता की अवधि को 30 मार्च तक बढ़ाने की मांग की है, ताकि किसानों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि यदि समय पर नहर में पानी उपलब्ध कराया जाता है, तो इससे क्षेत्र के जल स्तर को बनाए रखने में मदद मिलेगी और लोगों की परेशानी कम होगी। साथ ही उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में शीघ्र एवं सकारात्मक पहल करने की अपेक्षा जताई है, ताकि क्षेत्रवासियों को समय पर पानी मिल सके और उनकी समस्याओं का समाधान हो सके।
