खरसिया (रायगढ़)। खरसिया क्षेत्र के ग्राम बानीपाथर स्थित श्री मंगल कार्बन फैक्ट्री में गुरुवार सुबह लगभग 9:30 बजे एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। फैक्ट्री के फरनेस में अचानक विस्फोट होने से 6 मजदूरों समेत एक 4–5 माह का बच्ची गंभीर रूप से झुलस गया। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुराने टायर जलाकर बनाया जाता है तेल
स्थानीय जानकारी के अनुसार, उक्त फैक्ट्री में पुराने टायरों को जलाकर एलडीओ (LDO) ऑयल तैयार किया जाता है, जिसका उपयोग डामर सड़क निर्माण में किया जाता है। हादसे के बाद यह भी आरोप सामने आया है कि मजदूरों से बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों और सेफ्टी इंतज़ामों के काम कराया जा रहा था।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम

घटना की सूचना मिलते ही राजेश जांगड़े, थाना प्रभारी खरसिया, अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। घायलों को पहले जिला अस्पताल रायगढ़ भेजा गया। अस्पताल प्रबंधन ने गंभीर स्थिति को देखते हुए तीन घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिंदल फोर्टिस अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल
इस घटना को लेकर क्षेत्रीय विधायक उमेश नंद कुमार पटेल ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था, तो फैक्ट्री अब तक कैसे संचालित हो रही थी। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब तक सभी सुरक्षा गाइडलाइन पूरी तरह लागू न हों, तब तक फैक्ट्री को दोबारा चालू करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
श्रम विभाग की भूमिका पर भी नजर
मामले में औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा श्रम विभाग अधिकारी रायगढ़ की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर जांच की संभावना जताई जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से अभी विस्तृत आधिकारिक बयान आना बाकी है।
फिलहाल, क्षेत्र में इस हादसे के बाद दहशत और आक्रोश का माहौल है, जबकि घायलों के परिजन अस्पतालों में उपचार की प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं।
घायलों का नाम
शिव खडिया पिता साहेब लाल खडिया 30 वर्ष, शिव की पत्नी, शिव की बेटी
साहेब लाल खडिया पिता कुंज राम खडिया 45 वर्ष
राज सारथी, राज की माँ,
कौशल पटेल

