रायगढ़/खरसिया :- तहसील खरसिया अंतर्गत ग्राम सरवानी में स्थित शासकीय गौठान भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्रामवासियों ने आरोप लगाया है कि गांव के खगेश मोदी जायसवाल ( शिक्षक ) द्वारा गौठान की शासकीय भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर उसे खेत में परिवर्तित किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, खगेश मोदी जायसवाल द्वारा खेत बनाने के दौरान गौठान की भूमि से मिट्टी एवं मुरुम निकालकर उसे अपने निजी कार्यों में उपयोग किया जा रहा है, जिससे शासकीय संपत्ति का दुरुपयोग हो रहा है। इससे गांव में पशुधन एवं शासकीय योजनाओं के लिए सुरक्षित रखी गई गौठान भूमि को नुकसान पहुंच रहा है।
इस संबंध में समस्त ग्रामवासियों ने कलेक्टर रायगढ़ को ज्ञापन सौंपकर शासकीय गौठान भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने मांग की है कि भूमि को पुनः शासकीय कार्यों एवं जनहित के कार्यों के लिए सुरक्षित किया जाए।
ग्रामीणों ने इस मामले की प्रतिलिपि मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत खरसिया एवं तहसीलदार खरसिया को भी सादर सूचनार्थ प्रेषित की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है।

