खरसिया :- शासकीय महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय खरसिया की इकाई राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) द्वारा ग्राम पंचायत फरकानारा में सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 11 दिसंबर से 17 दिसंबर तक “नशा मुक्त समाज के लिए युवा” थीम पर संपन्न हुआ, जिसमें स्वयंसेवकों द्वारा सामाजिक जागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।शिविर के अंतर्गत 15 दिसंबर को बौद्धिक परिचर्चा के तहत विधिक साक्षरता विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट मृणालिनी कातुलकर एवं विशिष्ट अतिथि न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी मीनाक्षी नाग रहीं। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवकों ने सरस्वती वंदना एवं राज्यगीत का भावपूर्ण गायन प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन एनएसएस स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाओं द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। विधिक साक्षरता कार्यक्रम के दौरान दोनों न्यायिक अतिथियों ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए कानून से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सरल एवं व्यवहारिक जानकारी दी। सवाल-जवाब के माध्यम से उन्होंने दैनिक जीवन में कानून की भूमिका, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति युवाओं को जागरूक किया, जिससे शिविरार्थियों में विशेष उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली।कार्यक्रम के अंत में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों एवं शिविरार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। यह कार्यक्रम युवाओं में विधिक जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
