खरसिया :- ग्राम पंचायत मौहापाली के वार्ड क्रमांक 15, पटेल कॉलोनी के रहवासियों ने नाली अवरुद्ध होने और पाँच वर्षों से सफाई न होने की समस्या को गंभीर बताते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खरसिया से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

मोहल्लेवासियों का कहना है कि पंचायत द्वारा निर्मित शासकीय नाली से घरों का गंदा पानी बहता है, साथ ही पड़ोसी वार्डों का पानी भी इसी नाली से होकर निकलता है। किंतु पिछले लंबे समय से नाली की सफाई नहीं होने के कारण उसमें मलबा, कचरा भर चुकी है। कई बार सरपंच एवं सचिव को मौखिक आग्रह किए जाने के बाद भी किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र के ही निवासी देवेंद्र कुमार नायक द्वारा इस नाली को अवरुद्ध कर दिया गया है, जिसके चलते गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है। इससे क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, दुर्गंध फैली हुई है और स्वच्छता की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। लोगों ने आशंका जताई कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संक्रामक बीमारियाँ फैल सकती हैं।
निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नाली को अवरुद्ध करने वालों के विरुद्ध उचित कार्यवाही करते हुए नाली की तत्काल सफाई करवाई जाए, ताकि मोहल्लेवासी स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में रह सकें।

