सारंगढ़/बिलाईगढ़। ग्राम पंचायत मारोदरहा के बहुचर्चित उप सरपंच चुनाव घोटाले का विवाद अब बेहद गंभीर हो गया है। आरोप है कि चुनाव के दौरान धनबल का इस्तेमाल कर जीत दर्ज करने वाले उप सरपंच दिनेश डनसेना और उनके समर्थक शिकायतकर्ता पर लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

शिकायतकर्ता विद्याधर बरिहा का कहना है कि गुरुवार को एसडीएम न्यायालय में पेशी के दौरान उप सरपंच और उनके साथियों ने रास्ते में घेरकर जंगल ले जाने की धमकी दी और खाली कागजों पर जबरन हस्ताक्षर करवा लिए। अगली सुबह जब वे अपने सहयोगी खितीभूषण पटेल के साथ थाना बरमकेला पहुंचे तो वहां भी दबंगों ने पुलिस की मौजूदगी में छीना-झपटी की।
विद्याधर ने सरपंच पति टेकलाल सिदार, उप सरपंच दिनेश डनसेना समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में शक्राजीत साहू, गंधर्वी चौहान, जगदीश डनसेना, तेजकुमार डनसेना, मालिकराम साहू, संजय सिदार, संतोष साहू, बलभद्र पटेल, अशोक पटेल और लोचन बरिहा के नाम शामिल हैं।
विद्याधर का कहना है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और उनकी जान को खतरा है। थाना परिसर में भी पुलिस की मौजूदगी में हुई यह घटना प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना है कि इस बहुचर्चित मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।

