रायगढ़ :- भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष रवि भगत ने रायगढ़ सांसद के आधिकारिक निवास को लेकर एक बार फिर तीखे तेवर दिखाए। सोशल मीडिया पर मुखर होते हुए भगत ने सवाल दागा कि “आम जनता सांसद से मिलने जाए तो आखिर जाए कहां? रायगढ़ में उनका निर्धारित निवास किसी और के कब्जे में है।”

रवि भगत का सीधा इशारा रायगढ़ विधायक की ओर माना जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अगर बोल दूँ तो कहोगे बदनाम कर रहा… अब क्या सांसद को अपने ही घर के लिए नाक रगड़नी पड़ेगी?”
भाजपा नेता ने कहा कि पहले जहां आम लोग आसानी से सांसद से मिल सकते थे, वहां अब विधायक ने अपना कार्यालय बना लिया है। नतीजा यह है कि जनता को अपनी समस्याएँ लेकर गांव छर्राटंगार स्थित निजी घर तक जाना पड़ रहा है।
भगत ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि “जब सब सहन करने के बाद जवाब दिया जाता है, तो उसकी गूंज दूर तक जाती है। आने वाले समय में इसका हिसाब जरूर दिया जाएगा।”
रवि भगत के आक्रामक बयान से रायगढ़ की सियासत गरमा गई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि क्या सांसद को उनका आधिकारिक निवास वापस मिलेगा या फिर यह विवाद और गहराएगा।

