खरसिया :- खरसिया की बेटी आचार्य देव्यांशी फोटवानी ने आयुर्वेदा और वैदिक ज्योतिष के क्षेत्र में एक बार फिर नगर का नाम रोशन किया है। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू), बनारस द्वारा उन्हें आयुर्वेदा एवं वैदिक ज्योतिष के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु वर्ष 2025 के अंतर्गत सम्मानित किया गया।

देव्यांशी को बचपन से ही अंक शास्त्र एवं ज्योतिष विद्या में गहरी रुचि रही। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नेशनल कॉन्वेंट एवं विवेकानंद स्कूल, खरसिया से प्राप्त की और आगे की विशेष शिक्षा भारत के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्यों से ग्रहण की। इस सफर में उन्हें उनके पिता वेद प्रकाश फोटवानी एवं माता रीता फोटवानी का निरंतर सहयोग मिलता रहा।
देव्यांशी ने ज्योतिष, अंक शास्त्र, क्रिस्टल हीलिंग और टैरो कार्ड रीडिंग जैसी विद्याओं का अध्ययन देश के विभिन्न महाज्ञानी गुरुओं से किया है। उनकी कुशलता और शोध कार्यों के चलते उन्हें इंटरनेशनल टैरो कार्ड रीडर एवं अंक शास्त्री अवार्ड सहित देशभर में अब तक नौ सम्मान मिल चुके हैं। इनमें दिल्ली, नागपुर, देवास, इंदौर, भुवनेश्वर और उज्जैन में आयोजित टॉप टेन ज्योतिष-वास्तु-आयुर्वेद अवार्ड शामिल हैं।
हाल ही में भुवनेश्वर में आयोजित इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन इंडियन वैदिक कल्चर एवं ज्योतिष शास्त्र सम्मेलन में भी देव्यांशी को उड़ीसा सरकार और नेपाल की ओर से ज्योतिष श्रेष्ठम अवार्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रमों के दौरान देश के बड़े-बड़े ज्योतिषाचार्यों, अंक शास्त्रियों और टैरो कार्ड रीडरों ने देव्यांशी की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार सहित पूरा नगर गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

