खरसिया कुनकुनी मार्ग पर बड़ा हादसा टला, कार क्षतिग्रस्त, जान-माल की हानि नहीं
खरसिया (रायगढ़)।
खरसिया से कुनकुनी की ओर जा रहे NH-49 मार्ग पर सोमवार को एक चलती कार में टेलर ने पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
टेलर वाहन का नंबर CG 12 BE 6800 और कार का नंबर CG 04 HP 1319 बताया गया है।
कार चालक की पहचान भगवान प्रसाद चौधरी, निवासी कोढ़तराई के रूप में हुई है। उस समय कार में कुल चार लोग सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सामान्य गति से चल रही थी, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे टेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला और पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद कार चालक ने टेलर को रोककर चालक से जवाब-तलबी की। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि टेलर चालक ने बात करने के बजाय धमकी दे डाली और कहा – “आपको जो करना है कर लो।” इसके बाद वह मौके से भाग निकला।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
कार चालक द्वारा 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टेलर वाहन को कब्जे में ले लिया और मौके का निरीक्षण किया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

