मुखबिर की सूचना पर कोलाबाड़ी में मारा गया छापा, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
डभरा, 16 अप्रैल 2025 – अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत डभरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम मेढापाली में कोलाबाड़ी से 52 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुलायम यादव पिता भाकुलाल यादव (उम्र 32 वर्ष) निवासी मेढापाली, थाना डभरा के रूप में हुई है। आरोपी अपने घर के कोलाबाड़ी में शराब रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव (रा.पु.से.), तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डभरा अंजली गुप्ता (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी डभरा निरीक्षक कमल किशोर महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी।
मौके से 52 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 118/2025 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर 16 अप्रैल 2025 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हेमंत राठौर, आरक्षक मिरीश साहू, एकेश्वर चंद्रा एवं सुरज सिदार का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने इसे अवैध नशा कारोबार के विरुद्ध एक अहम सफलता बताया है और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही है।

