रायगढ़।रायगढ़ नगर निगम के आगामी चुनाव के लिए 48 वार्डों में आरक्षण तय कर दिया गया है। गुरुवार को कलेक्टोरेट स्थित सृजन सभाकक्ष में कलेक्टर, एसडीएम, निगम आयुक्त और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में यह निर्णय लिया गया। कुल 48 वार्डों में 24 सामान्य, 11 ओबीसी, 5 एसटी और 8 एससी वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं।
सामान्य वर्ग के लिए 24 वार्ड निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से 7 महिला के लिए आरक्षित हैं। ओबीसी वर्ग के लिए 11 वार्ड आरक्षित किए गए, जिनमें 4 महिला के लिए हैं। एसटी वर्ग के लिए 5 वार्ड और एससी वर्ग के लिए 8 वार्ड आरक्षित किए गए, जिनमें से एससी के 3 और एसटी के 2 वार्ड महिला के लिए आरक्षित हैं। इस तरह कुल 16 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हुए हैं।
आरक्षण के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों के नेताओं में हलचल तेज हो गई है। जिन वार्डों में आरक्षण बदलने से नए अवसर बन रहे हैं, वहां प्रत्याशी चयन को लेकर माथापच्ची हो रही है। कुछ वार्डों में आरक्षण के बदलाव से वर्चस्व की जंग भी देखने को मिल सकती है, जैसे वार्ड नं. 21 और 48 में। वार्ड 39 में भाजपा के पार्षद सीनू राव का वार्ड अब ओबीसी महिला आरक्षित हो गया है, जबकि वार्ड 16 में भाजपा के सुभाष पांडेय का वार्ड ओबीसी मुक्त आरक्षित हो गया है। इसी तरह वार्ड 22, जो पहले कांग्रेस के कौशलेश मिश्रा के प्रभुत्व वाली सीट थी, अब ओबीसी महिला आरक्षित हो गई है।
इस आरक्षण से चुनावी मैदान और भी दिलचस्प हो गया है, और दोनों ही पार्टियों के नेताओं के लिए नई चुनौतियाँ पेश आ रही हैं।

